followers

रविवार, 10 नवंबर 2013

दर्द

दर्द की शुरुयात
पेट दर्द से हुई थी
आँख.नाक,कान होते हुए यह दर्द
पुरे बदन में फ़ैल गया था //

ज़वानी में कदम रखा ही था  कि
भाई-बंधुओं के बीच
बना स्नेह-सौहार्द का महल टूटने लगा...
पहली बार अनुभव हुआ..
रिश्तों के टूटने का दर्द

बेरहम आफिस के कर्मचारियों ने
दौड़ाते-दौड़ाते न जाने कितने दर्द दिए

फिर साथ पढ़ने -वाली पर दिल आया
पता नहीं दिल कैसा होता है
टूट कर आवाज तो नहीं करता
पर दे जाता है
एक लाईलाज  दर्द //

शनिवार, 9 नवंबर 2013

संकल्प

अँधेरे को उजाले में बदल दूँ , ऐसा वीर बनूंगा
बिना लक्ष्य भेदे न लौटू ,  मैं ऐसा तीर बनूंगा//

हर घर के दीप में जल जाऊं , ऐसा रुई  बनूंगा
दुश्मन को अंदर तक छेद दूँ , मैं ऐसा सुई बनूंगा//

भ्रस्ट्राचार के गंध को  मिटा दूँ , मैं ऐसा सुमन बनूंगा
बहा दूँ अमन का पैगाम,   मैं ऐसा पवन  बनूंगा//

मंगलवार, 5 नवंबर 2013

पडोसी

मेरे पड़ोसी ने
अपने घर की चारदीवारी ऊँची कर ली है ..
नहीं-नहीं
कोई झगड़ा नहीं हुआ उनसे
शायद कुछ बात ऐसी है
जो हमें दिखाना नहीं चाहते //

कल छापा पड़ा था इनके घर
शक हो सकता हैं उन्हें
शायद मैंने ही इत्तिला दी होगी
विजिलेंस को //

दिमाग पर जोर डालता हूँ ..
शुरू-शुरू में कुछ झगड़ा हुआ था
नाले की पानी निकालने को लेकर
और इस बात पर भी
क्यों कर दिया
उन्होंने लाउडस्पीकर का मुंह मेरे घर की तरफ //


सच कहूं ..
पहले पडोसी रिश्तेदार से बढ़ कर लगते थे
मगर
सबसे नजदीकी दुश्मन //

आटे की गुथाई और सीमेंट कंक्रीट

मुझे कंक्रीट बनाना था
कंक्रीट -- बालू ,सीमेंट और बजरी का मिक्सचर
दिक्कत थी पानी की मात्रा का आकलन
ज्यादा पानी- कंक्रीट की शक्ति  कम
कम  पानी -तो भी कंक्रीट की शक्ति कम //

तभी मुझे याद आया ...
माँ की आटा गूथने की कला
थोडा थोडा  पानी .
.धीरे-धीरे डालना और फिर गुथना ..
मैंने भी वही   किया
धीरे-धीरे पानी मिलाते गया
अंत में अच्छी गुणवत्ता वाला कंक्रीट प्राप्त हुआ..//

अगर खुली हो मन की खिड़किया
तो काम से
सीखता है आदमी //

शुक्रवार, 25 अक्टूबर 2013

एक पुल का आत्महत्या

क्यों खामोश है
ये पुल
लोगों के डर
सोखकर चुप है शायद

चुप रहने वाला पुल ..
लोगों को गिरने से बचाता है
गंतव्य तक पहुंचता है
दो घरों को जोड़ता है
दो संस्कृतियों को जोड़ता है

जिस दिन
 मीठे-मीठे बोलों का पुल
गिर जाएगा
उस दिन बहुत शोर होगा
और पुल आत्महत्या कर लेगा //



बुधवार, 23 अक्टूबर 2013

निशि .

निशि ... यही नाम था उस लड़की का.जिसने मुझे अपनी ओर आकर्षित  किया था बचपन के उन बेबाक अल्हड  और अलमस्त क्षणों  में . हमलोग एक साथ गाँव के छोटे से स्कुल में पढ़ते थे . मुझे याद है उन दिनों मैं क्लास आठ का छात्र था..
जैसा की लोग कहते है ... प्यार पहली ही नज़र में हो जाता है ... यह मुझ पर पूरी तरह लागू था ...
निशि पतली छरहरी और गोरी थी. उनके पिता जी एक पशु -चिकित्सक  थे  और मेरे पिता जी कृषि -फार्म में मैनेजर.

कृषि फार्म में खेतों की जुताई के लिए बहुत सारे बैल थे ..मेरे पिता जी बैलों की खूब देख-भाल करते थे. वे सप्ताह में एक बार बैलों के जीभ पर नमक रगड़ते  थे,.. मैंने निशि के पापा को पहली बार तब देखा था  .जब पिता जी ने उन्हें बैलों के बीमार होने पर बुलाया था .
दुसरे दिन जब मैं स्कुल गया ... तो मैंने निशि से कहा .."आज मैंने तुम्हारे  पापा को देखा" वो चहक कर बोली  ."कैसे " और फिर मैंने उसे पूरी कहानी स्कुल की  छुट्टी के बाद बता दी.


पहले जब टीचर क्लास आते तो वे कामन रूम से लड़कियों को बुला लिया करते और लडकियां क्लास ख़त्म होने के बाद उनके साथ कामन रूम वापस लौट जाती .. इस कारण हम लोग की बात आपस में बहुत ही कम होती .गाँव के स्कुल में पीने के पानी के लिए चापाकल नहीं था ,सभी बच्चे कुएं पर जाकर पानी पीते थे ... मुझे निशि से गप करने का सबसे अच्छी जगह वह कुआँ ही था जहां गप करने के लिए पानी पीने के बहाने हम दोनों वहाँ पहुँच जाते थे ..
निशि के घर से मेरे घर की दूरी लगभग एक से डेढ़ किलोमीटर के बीच होगी. उसके पापा और मेरे पिताजी एक अच्छे दोस्त हो चुके थे. निशि के घर पर मैं पहली बार अपने माँ-पिताजी के साथ छत के खरना के दिन प्रसाद खाने के लिया गया था . निशि की माँ छठ व्रत करती थी.
पहली बार निशि के हाथों का स्पर्श तब हुआ जब.. वह  छठ का प्रसाद लेकर मेरे हाथों में दी.
------------------------------------------------------------------------------------------------------------
------------------------------------------------------------------------------------------------------------

मैं अपने क्लास में हमेशा अव्वल आता था सभी लड़के यदा-कदा मेरी कापी मांग कर नोट्स नकल करते थे .. अब एक दिन निशि ने मेरी विज्ञान  की कापी  मांगी . निशि मुझे चाहने लगी है , इसकी स्पस्ट झलक मैंने उसकी आँखों में देखी//
ऐसे लोग जो भी बोलें... प्यार करने वाले एक दुसरे के आँखों की भाषा पढ़ लेते है.

निशि  से बातों का सिलसिला जारी रहे ,इसिलए एक  दिन  मैंने  उससे इंग्लिश की कापी मांगी.उसके कॉपी से मुझे कोई मतलब तो था नहीं ,बस यूँ ही बात-चीत चलता रहे,इसी उदेश्य से मैंने यह किया था
घर लाकर उसकी कापी को  उल्टा-पुल्टा ..अंतिम पृष्ठ पर " तेरी प्यारी प्यारी सूरत को किसी की नज़र ना लगे " जो किसी फिल्म प्रोफ़ेसर का एक गाना है ,लिखा हुआ था .. यह गाना उनदिनों रेडिओ पर खूब बजता था. मैंने तुरंत उस गाना को पूरा  उसकी कापी में लिख दिया और  दुसरे दिन उसकी कापी उसे लौटा दी //
  
अब बात निशि के चौकने की  थी.. दूसरे दिन  उस्सने पूछा ..आपने यह गाना पूरा क्यों लिख दिया
"आपको शायद पसंद है.. ऐसा मुझे लगा "
मैं बुक स्टाल से कभी-कभी 'मायापुरी " नाम से फिल्म पत्रिका खरीद लेता था सो मैंने निशि को भी पढने के लिए दिया.
*********************************************************************************
समय तेजी से भाग रहा था और जब मन  प्रेम में बंधा हो तो समय गुजर जाने का तनिक  भी आभास नहीं होता. मैं  .क्लास आठ से क्लास दशमी  तक पहुँच गया था . हम लोग युवा हो रहे थे
उन दिनों स्कुल का कोई यूनिफार्म नहीं था. जो जैसा चाहे कपडा पहन कर स्कुल आता. एक दिन निशि फ्रोक की जगह "समीज सलवार " पहनकर स्कुल आई . मिलते ही चहक कर पूछी ..कैसी लगती हूँ ?
पता नहीं मुझे अचानक क्या सुझा ..मैंने कह दिया ..मुस्लिम लड़की की तरह लगती हो "
उसके चेहरे से निराश के भाव झलक रहे थे
पुनः दूसरे दिन से वह फ्रॉक पहन कर ही आने लगी
कुछ दिनों बाद पूछा .. समीज सलवार अब क्यों पहन कर नहीं आती
आपको पसंद नहीं. इसलिए अब नहीं पहनती ..और न पहनुगी//

(मेरी कहानी"निशि" का एक अंश  )

शनिवार, 19 अक्टूबर 2013

कोजागरा

कोजागरा ... नाम सुनने में तो बड़ा ही अटपटा लगता है ,परन्तु बिहार के मिथिलांचल में यह एक महत्वपूर्ण पर्व है. यह पर्व शरद पूर्णिमा के दिन चांदनी रात में मनाया जाता है. इस पर्व में नव विवाहित वर -वधू चांदनी रात में गोबर से लीपे, अल्पना से सजे आँगन में जग्न्न्मता लक्ष्मी और इंद्र व् कुबेर की विधिवत पूजा की जाती है . अभ्यागतों का स्वागत पान-मखान से किया जाता है.कोजागरा का विशेष आकर्षण है .. वर -वधू की अक्ष-क्रीडा

नव विवाहित जोड़ों के आनंद के लिए दोनों को जुआ खेलाया जाता है और चूँकि वधू अपनी ससुराल में नई होती हैं, जहां वरपक्ष की स्त्रियाँ और युवतियां अधिक होती है मीठी बेईमानी कर वर को जीता दिया हैं. लक्ष्मी पूजन के उपरान्त नव-विवाहित जोड़े  पुरे  टोले लोगों को पान मखान बाटते हैं . कोजागरा के भर (उपहार) के रूप में वधू के मायके से बोरों में  भरकर ताल मखाना आता है

मखाना बहुत हल्का होता हैं तीन-चार किलो में ही एक बोरा भर जाता है. तालमखाना मिथिलांचल के पोखरों में ही होता होते हैं और कही नहीं. इनके पत्ते कमल के पत्तों की गोल-गोल मगर कांटेदार होतें हैं . उनकी जड़ में रुद्राक्ष की तरह गोल-गोल दानों  के गुच्छे होते  हैं ,जिन्हें आग में तपाकर उसपर लाठी बरसाई जाती है ,जिससे उन दानों के भीतर से मखाना निकल जाता है .

यह प्रक्रिया बहुत ही श्रम-साध्य है जिसे मल्लाह लोग ही पूरा कर पाते है. जिस दिन वे हार मान लेंगे उसी दिन ताल-मखाने पूरी दुनिया में दुर्लभ हो जायेंगे . दुर्भाग्यवश इस प्रक्रिया का यंत्रीकरण नहीं किया जा सका है //
( डा बुध्हिनाथ मिश्र के संस्मरण से साभार )

मेरे बारे में